दुबई से शिब्बू उर्फ विकास अग्रवाल की वापसी, अब लंदन से अनिल अग्रवाल को लाने की चुनौती,आईपीएस अफसरों में जगी उम्मीदे -
छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में ‘रायपुर टू दुबई’ के बाद अब ‘रायपुर टू लंदन’ की सुगबुगाहट तेज़ हो गई है | दरअसल,3500 करोड़ के शराब घोटाले में शिब्बू उर्फ विकास अग्रवाल की वतन वापसी सुनिश्चित हो गई है | ACB-EOW महकमे को विधिवत दुबई सैर की सरकारी अनुमति मिल गई | यात्रा प्रशासनिक थी,सो अफसर दुबई गए और आरोपी को साथ लेकर "उल्टे पाँव" रायपुर वापस भी लौट आए | ऐसे में सैर-सपाटे का वक्त कहाँ ? हालाँकि,फिर भी दुबई दर्शन तो सरकार की कृपा से हो ही गए |
‘रायपुर टू दुबई" ट्रिप के क्रेज ने पुलिस महकमे के कई अफसरों की बेचैनी बढ़ा दी है,आरोपी शिब्बू उर्फ विकास अग्रवाल की वापसी से उन्हें अन्य आरोपियों की पकड़-धकड़ को लेकर नई दिशा मिली है | अफसरों के सामने अब लंदन से वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल को लाने की चुनौती है ? 14 अप्रैल 2026 को छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले (सिंघीतराई गांव) स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर/स्टीम पाइप विस्फोट के मामले में पुलिस ने वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल और अन्य प्रबंधन अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। इस हादसे में प्रारंभिक तौर पर 20 श्रमिकों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे।
सक्ती जिले के डभरा थाने में अपराध क्रमांक 119/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) (लापरवाही से मृत्यु), 289 और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। एफआईआर में अनिल अग्रवाल, प्रबंधक देवेंद्र पटेल सहित प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों/कर्मचारियों के नाम शामिल किए गए थे। मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। बताते है,कि लंदन में निवासरत अनिल अग्रवाल की गिरफ्तारी के प्रयास ठंडे बस्ते में है | ACB-EOW की "दुबई ट्रिप" ने पुलिस महकमे में "रायपुर टू लंदन" ट्रिप की आस जगा दी है | शराब घोटाले में दुबई तक जांच का शिकंजा कसा गया है,तो लंदन वाले अनिल अग्रवाल से परहेज कैसा ? अगला पड़ाव तो लंदन होने ही चाहिए ? फ़िलहाल,पुलिस महकमे के अफसरों की मन मांगी मुराद कब पूरी होगी ? देखना गौरतलब होगा |
CGPSC "चेयरमैन" की कुर्सी ? पुलिस और प्रमोटी IAS फॉर्मूला फेल ? -
रायपुर : छत्तीसगढ़ पब्लिक सर्विस कमीशन (CGPSC) "चेयरमैन" की कुर्सी आखिर किसके हवाले की जाएगी ? गहमा-गहमी तेज़ हो गई है | राज्य में इस संस्था की बागडोर ज्यादातर मौकों पर "प्रमोटी IAS" और वरिष्ठ IPS को सौंपी गई है | लेकिन,आशातीत परिणाम सामने नहीं आए ? CGPSC के गठन के बाद से ही उसकी कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में रही है | हालिया इसके आखिरी दो पूर्व अध्यक्ष (निर्वतमान) सहित वर्तमान में जेल की हवा खा रहे है | जबकि,उनके कार्यकाल के पूर्व भी जिन लोगों को CGPSC की बागडोर सौंपी गई थी,उनमे से ज्यादातर अध्यक्षों का कार्यकाल भी विवादों से घिरा रहा |
तस्दीक की जाती है,कि पुलिस अधिकारी समेत "प्रमोटी" आईएएस को CGPSC की बागडोर सौंपने का "फॉर्मूला" पूरी तरह से फेल सबित हुआ है | ऐसे में इस बार किस चेहरे पर दांव आज़माया जाएगा ? देखना गौरतलब होगा | बिलासपुर हाई कोर्ट इस संवैधानिक संस्था की पिछले 3 माह से खाली कुर्सी को लेकर एतराज जता चुका है,अदालत के रुख के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साफ़ किया है,कि CGPSC में जल्द ही अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी जाएगी | सीएम के एलान के बाद इस पद के कई दावेदारों ने रायपुर से लेकर दिल्ली तक ताल ठोक दी है | बताते है,कि लंबे समय से "चैयरमेन" के रिक्त पद को लेकर जोर आज़माइश का दौर अब अंतिम पायदान में है |
खबर आ रही है,कि CGPSC के अध्यक्ष पद के लिए अंतिम मुहर दिल्ली दरबार से ही लगेगी | यह भी बताया जाता है,कि 3 उम्मीदवारों का नाम आखिरी दौर में ही बतौर पैनल शामिल कर लिया गया है,इसमें 2 पुरुष व 1 महिला के नाम को लेकर रायशुमारी जारी बताई जाती है| सूत्रों का दावा है,कि निष्पक्षता और पारदर्शिता बरक़रार रखने के लिए राज्य से बाहर के योग्य और अनुभवी विद्वानों की इस पद के लिए कतार लग गई है | इसमें कई संघ पृष्ठ भूमि से जुड़े बताए जाते है | यह भी बताया जाता है,कि हाई कोर्ट से सेवानिवृत्त 2 वरिष्ठ न्यायधीशों ने भी चेयरमैन बनने में रूचि दिखाई है |यह भी दावा किया जा रहा है,कि प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले नौकरशाहों को जब भी इसकी बागडोर गई,तब-तब कई विवादों ने इस संस्था की विश्वसनीयता को कटघरे में ला खड़ा किया है ? ऐसे में नए चेयरमैन की नियुक्ति का मामला गंभीर मंत्रणा के दौर में बताया जाता है |CGPSC" में घोटालों एवं अनियमितता पर तत्काल रोक और संस्था की विश्वसनीयता बढ़ाने की दिशा में सरकार ने अपने कदम आगे बढ़ा दिए है |CGPSC चैयरमेन पद के लिए प्रमोटी आईएएस पर निर्भरता और उनकी "तलाश" इस बार खत्म मानी जा रही है |
CGPSC के पूर्व अध्यक्षों और उनके कार्यकाल पर गौर करे तो, टामन सिंह सोनवानी (सेवानिवृत्त IAS) 02 जून 2020 से 08 सितंबर 2023,सुश्री रीता शांडिल्य (सेवानिवृत्त IAS)30 अगस्त 2025 से 08 सितंबर 2026,के. आर. पिस्दा (सेवानिवृत्त आईएएस )17 जनवरी 2017 से 01 जून 2020 ,आर.एस.विश्वकर्मा (सेवानिवृत्त आईएएस )12 जून 2015 से 16 जनवरी 2017,श्रीमोहन शुक्ला (सेवानिवृत्त IPS) 26 मई 2001 से 02 अक्टूबर 2004,अशोक दरबारी (सेवानिवृत्त IPS)22 अक्टूबर 2004 से 20 अप्रैल 2008 ,बी.एल.ठाकुर (सेवानिवृत्त IAS),12 सितंबर 2008 से 23 अगस्त 2011,प्रो.(डॉ.) प्रदीप कुमार जोश 01 अक्टूबर 2011 से 11 मई 2015 |
इस फेहरिस्त पर गौर फरमाएं तो,अधिकतर मौकों पर प्रमोटी IAS बाज़ी मारने में कामयाब रहे है,लेकिन विवादों से नाता जुड़ा रहा | इस बार CGPSC प्रमोटी IAS और पुलिस अधिकारियों से मुक्त हो पाएगी या नहीं ? इस ओर लोगों की निगाहे लगी हुई है | किसके हवाले की जाएगी CGPSC "चैयरमेन" की कुर्सी ? रायपुर से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक इस रिक्त स्थान (गड्ढे ) को भरने के लिए विचार-मंथन जारी बताया जाता है|
एनएमडीसी पर गंभीर धाराओं में FIR दर्ज करने के बजाए सामान्य वन अपराध दर्ज-
बस्तर में नक्सलवाद के ख़त्म होते ही,औद्योगीकरण की बयार बहने लगी है,इस बीच किरंदुल में "लैंडस्लाइड" की घटना ने इलाके के लोगों की चिंता बढ़ा दी है | इस "लैंडस्लाइड" के पीछे "मानवीय त्रुटि" है,या फिर पर्यावरण से छेड़छाड़ ? मामले की उच्च स्तरीय जाँच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा | लेकिन,जिस तर्ज पर इतनी बड़ी घटना को हल्के में लिया जा रहा है,उसने प्रदेश के पर्यावरणविदों की चिंता बढ़ा दी है |
घटना के सामने आने के हफ्ते भर बाद भी किसी भी व्यक्ति विशेष अथवा NMDC के पदाधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है और ना ही सरोकार रखने वाले जिम्मेदार महकमे के अधिकारियों ने घटना स्थल का जायजा लेकर राज्य सरकार को कोई प्राथमिक रिपोर्ट सौंपी है ? अलबत्ता,तस्दीक की जा रही है,कि NMDC के खिलाफ सामान्य वन अपराध के तहत कार्यवाही की जाएगी ? बस्तर में बैलाडीला की पहाड़ियों में खनन के नाम पर पर्यावरण को हुए गंभीर नुकसान का मामला सिर्फ "वन अपराध" तक सीमित हो जाएगा या फिर जनहित में भारत सरकार "राज्य और केंद्र सरकार" के अफसरों की भी जिम्मेदारी तय करेगी ? वैसे मामले के तूल पकड़ने के बाद NMDC प्रबंधन ने महाप्रबंधक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, तो क्या माना जाए ?
सिर्फ एक मात्र महाप्रबंधक दोषी है,शेष जिम्मेदार पदाधिकारियों की कोई जिम्मेदारी नहीं बनती ? तस्दीक की जा रही है,कि वर्षों पुराने हज़ारों पेड़ मलबे की चपेट में नष्ट हो गए,एनएमडीसी के डिपॉजिट-14 खदान क्षेत्र में खनन से अनुपयोगी मलबा (टेलिंग्स) अब आरक्षित वन क्षेत्र के भीतर तक फैल गया।जांच में 25 से 30 हेक्टेयर जंगल प्रभावित होने और लगभग 3 करोड़ रुपये तक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।वन भूमि में अवैध रूप से मलबा डंप करने और पर्यावरणीय क्षति की पुष्टि की जा रही है | इस सब के बावजूद संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सिर्फ वन अपराध दर्ज करना कितना जायज़ है ? इसे लेकर माथापच्ची जारी है | जांच शुरू कर दी गई है।
वन विभाग का "जंगल राज" ! सुर्ख़ियों में 80-20 का फार्मूला-
सरगुजा में दहशत फैलाने वाले "कबरा हाथी" का आतंक शांत होते ही महकमे में अफसरों के जंगल और मंगल दोनों समीकरणों पर अब ग्रहण लगने के आसार शुरू हो गए है| ऑपरेशन "कबरा" खत्म होते ही,जंगल के भीतर महकमे की गतिविधियों की केंद्रीय स्तर पर जाँच-पड़ताल के आसार शुरू हो गए है | बताया जाता है,कि कबरा हाथी की तर्ज पर ऑपरेशन "कैम्पा राव" के अस्तित्व में आने की चर्चा शुरू हो गई है |
दरअसल,सिर्फ हाथी ही नहीं,कई और वन्य जीव खाने-पीने की तलाश में इंसानी आबादी का रुख कर रही है | प्रदेश में हाथियों और इंसानों के बीच जारी संघर्ष के लिए कैम्पा फंड के दुरूपयोग और सिर्फ कागजी इस्तेमाल को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है | बताते है,कि "कैम्पा राव" के दौर में हज़ारों करोड़ के कैम्पा फंड का इस्तेमाल कहाँ हुआ ? यह खोज का विषय बन गया है | कबरा हाथी के पोल-खोल ऑपरेशन के बाद कैम्पा फंड की उच्च स्तरीय जांच की सुगबुगाहट सुनाई देने लगी है | बताते है,कि जंगल विभाग की कार्यप्रणाली कांग्रेस के दौर के "जंगल राज" की तर्ज पर अभी भी चल रही है | महकमे में 80-20 का फॉर्मूला यथावत प्रभावशील है | मसलन,महकमे के टेंडर-निविदा से लेकर "कैश हैंडलिंग" कार्यों में बड़ा हिस्सा विभाग प्रमुख का,जबकि शेष चौथाई हिस्सा विभगीय मंत्री की चौखट तक पहुंचाने की कवायत सुर्खियों में है |
बताते है,कि लेन-देन में तालमेल ऐसा,कि जंगल राज की बानगी शीर्ष स्तर पर रंग दिखा रही है | मंगल में जंगल की दास्तान "कबरा हाथी" की आंधी ने नमूने के तौर पर पेश कर दिया है | तस्दीक की जाती है,कि मैदानी स्तर पर DFO के हाथ बांध दिए गए है,चीफ के निर्देश के बाद ही मुख्यालय प्रस्ताव भेजने का अलिखित फरमान है | बताते है,कि पहले लेन-देन फिक्स होता है,फिर विकास कार्यों की शुरूआत | बताते है,कि जंगल राज की बानगी यही से शुरू होती है | सरगुजा के पीड़ितों द्वारा तस्दीक की जाती है,कि कांग्रेस कार्यकाल के पूर्व मंत्री की तर्ज पर मौजूदा जंगल मंत्री का कार्यकाल भी अछूता नहीं है,उनके भी कामकाज इसी कड़ी से जोड़कर देखे जा रहे है | जंगल की जमीनी हकीकत का ना तो मंत्री जी जायजा ले रहे है ? और ना ही वन्य जीवों का दशा-दिशा बदलने की ओर उनके द्वारा कोई ख़ास तवज्जों दी जा रही है |
नतीजतन,जंगल राज महकमे में नई ऊंचाइयां तय कर रहा है | रिटायर अफसरों की संविदा पर तैनाती "अडानी राज" की कामयाबी की ओर नई इबारते लिख रही है,जबकि जल-जंगल और जमीन से जुड़ा बड़ा तबका वन महकमे की प्राथमिकता सूची से नदारद हो गया है| सवाल उठ रहा है,कि संविदा पर तैनात अफसर छत्तीसगढ़ शासन के लिए फलदायी साबित हो रहे है या फिर अडानी राज स्थापित करने के लिए ? बहरहाल, रेवड़ी के लिए रकम तो,जनता की तिजोरी से ही निकल रही है |
यह भी पढ़े : 15 करोड़ के कितने हिस्सेदार ? गिरफ्त में वकील साहब उगलेंगे कई राज, महादेव एप्प ऑनलाइन सट्टा में ED की बड़ी कार्यवाही,अंदर-बाहर का खेल...
नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त की "नई मंडी",रायपुर के आधा दर्जन नामी-गिरामी डॉक्टर और उनके नर्सिंग होम सुर्ख़ियों में -
छत्तीसगढ़ में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का बाजार अस्तित्व में आएगा ? शायद ही इसकी कल्पना किसी ने की हो | लेकिन,कड़वा सच यही है,कि इस कारोबार ने राजधानी में अपनी जड़े जमा ली है | ऐसा नहीं है,कि नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का मामला अभी ही सामने आया है,इससे पूर्व वर्ष 2012-13 में भी रायपुर के कुछ एक डॉक्टर और तत्कालीन ग्रामीण क्षेत्र में स्थित उनके अस्पताल ऐसे अपराधों से ग्रसित पाए गए थे | उनके खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्यवाही की थी | हालाँकि,राजनैतिक संरक्षण प्राप्त कुछ डॉक्टर इस दौरान बच भी गए थे | लंबे अरसे बाद कमिश्नरेट पुलिस ने एक बार फिर बच्चों के खरीद-फरोख्त वाले नेटवर्क का खुलासा किया है |
बताते है,कि 8 राज्यों में फैले इस नेटवर्क में शामिल अस्पतालों में बच्चों केफर्जी जन्म प्रमाण-पत्र से लेकर उन्हें गोद में सौंपने तक की पूरी सुविधाएँ मुहैया कराई जाती थी |पिछले 11 महीनों में 26 से ज्यादा नवजातों का सौदा किया है।पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह ने इसके लिए गुढ़ियारी के बसंत विहार स्थित दिवाकर अस्पताल को ठिकाना बनाया गया था, जिसे सिंडिकेट के सदस्यों द्वारा लीज पर लिया गया था। यहाँ सिर्फ 3 बच्चों की डिलीवरी कराई गई, जबकि 26 फर्जी जन्म प्रमाणपत्र तैयार किए गए। इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के सहारे बच्चों को दूसरे राज्यों में भेजा जाता था।
उधर सूत्र दावा कर रहे है,कि यह नेटवर्क सिर्फ गुढ़ियारी तक नहीं बल्कि,शहर की अलग-अलग दिशाओं में स्थित लगभग आधा दर्जन नर्सिंग होम तक फैला हुआ है | इन अस्पतालों में भी संदिग्ध गतिविधियां जोरो पर बताई जाती है | सूत्र तस्दीक करते है,कि दिवाकर अस्पताल में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले सिंडिकेट के नेटवर्क का खुलासा होते ही,इन अस्पतालों में खास सतर्कता बरती जा रही है | पुराने ग्राहकों को सतर्क कर दिया गया है,जबकि हालिया संपर्क में आए जरूरतमंदों को भी "मौन धारण" करने का संदेशा देते हुए सही समय का इंतज़ार करने की हिदायत दी गई है | कहा जा रहा है,कि दिवाकर अस्पताल की तर्ज पर इन नर्सिंग होम से जारी जन्म प्रमाण पत्र की जाँच पड़ताल कराई जाए तो,"डॉक्टर साहब" और "डॉक्टर मैडम" की असलियत बाहर आने में देर नहीं लगेगी |

टिप्पणियाँ (0)