सिनेमाघरों में 'रामायण' की गूंज अब बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों में भी सुनाई देने लगी है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की प्रमुख भूमिकाओं वाली नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण पार्ट 1' ने रिलीज के महज दो दिनों में शानदार कमाई कर सबका ध्यान खींच लिया है। पहले दिन 64.85 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ शुरुआत करने वाली फिल्म ने दूसरे दिन भी अपनी रफ्तार बरकरार रखी। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार रात 10:30 बजे तक फिल्म ने 48.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसका कुल नेट कलेक्शन 113.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस तरह फिल्म ने दूसरे ही दिन 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया।
फिल्म को मिल रहे दर्शकों के रिस्पॉन्स में इसकी भव्य सिनेमाई प्रस्तुति और विजुअल इफेक्ट्स की भी अहम भूमिका मानी जा रही है। सोशल मीडिया पर फिल्म के दृश्यों और कलाकारों के अभिनय को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। वहीं, एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी फिल्म के प्रति दर्शकों की दीवानगी बयां कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे दिन की प्री-सेल बुकिंग ब्लॉक सीटों सहित 30.63 करोड़ रुपये रही, जबकि ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद यह आंकड़ा 25.16 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। पहले दिन 100 करोड़ की ओपनिंग का अनुमान पूरा नहीं कर सकी 'रामायण' ने दूसरे दिन यह आंकड़ा पार कर अपनी मजबूत पकड़ दिखा दी है। अब निगाहें वीकेंड के कलेक्शन पर हैं, जहां फिल्म की कमाई में और उछाल आने की उम्मीद है।

टिप्पणियाँ (0)