दिवाली के महापर्व से पहले आज 7 नवंबर को देशभर में छोटी दिवाली यानी नरक चतुर्दशी का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। कहीं इसे रूप चौदस तो कहीं काली चौदस के नाम से जाना जाता है। घरों में साफ-सफाई, सजावट और दीप प्रज्वलन के साथ पर्व की रौनक दिखाई देने लगी है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने अत्याचारी नरकासुर का वध कर लोगों को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इसी विजय की स्मृति में नरक चतुर्दशी मनाई जाती है। पंचांग के अनुसार, चतुर्दशी तिथि 7 नवंबर सुबह 10:47 बजे से शुरू होकर 8 नवंबर सुबह 11:27 बजे तक रहेगी। वहीं, शाम को दीपदान और यम दीप जलाने का शुभ समय 5:32 बजे से 6:48 बजे तक रहेगा।

अयोध्या में दीपों का महाकुंभ, 50 लाख दीयों से रोशन होगी रामनगरी

छोटी दिवाली के मौके पर देश की नजरें उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या पर टिकी हैं, जहां 10वें ऐतिहासिक दीपोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारी है। इस बार सरयू नदी के घाटों पर 30 लाख और पूरी अयोध्या में करीब 50 लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। दीपोत्सव में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी भी खास आकर्षण होगी। सरयू के तट पर एक साथ लाखों दीपों की रोशनी रामनगरी को अलौकिक स्वरूप देने वाली है। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और भव्य आयोजन के संग अयोध्या एक बार फिर दीपोत्सव के जरिए देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचने जा रही है।

दीपदान का शुभ मुहूर्त

  1. छोटी दिवाली: 7 नवंबर 2026
  2. चतुर्दशी तिथि प्रारंभ: सुबह 10:47 बजे
  3. चतुर्दशी तिथि समाप्त: 8 नवंबर सुबह 11:27 बजे
  4. दीपदान एवं यम दीप का समय: शाम 5:32 से 6:48 बजे तक