पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। रिखणीखाल-सतपुली मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरी इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत 8 महिलाओं की जान चली गई। सभी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं और सिद्धखाल में बैठक व बैंक संबंधी काम निपटाकर अपने गांव लौट रही थीं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से खाई में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया।
हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री ने जताया दुख, आर्थिक सहायता का ऐलान: मुख्यमंत्री धामी ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने के भी निर्देश दिए गए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। हादसे में जान गंवाने वालों में भंगलवाण गांव की महिलाएं और वाहन चालक शामिल हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। प्रशासन और बचाव दल दुर्घटना के बाद जरूरी कार्रवाई में जुटे हैं।

टिप्पणियाँ (0)