राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक बेकाबू कार ने निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा चित्तौड़गढ़-कोटा नेशनल हाईवे-27 पर मेनाल के पास शुक्रवार को हुआ। जानकारी के मुताबिक, हाईवे पर ओवरब्रिज निर्माण का काम चल रहा था और इसके लिए खोदे गए करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में सात मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान चित्तौड़गढ़ से कोटा की ओर जा रही तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सीधे गड्ढे में जा गिरी और वहां काम कर रहे मजदूरों के ऊपर पलट गई। हादसे में एक महिला समेत तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान भीलवाड़ा जिले के बिहारी (45), मांडलगढ़ निवासी सावता (50) और गंगराड़ की प्रेम बाई (40) के रूप में हुई है। घायलों में चार मजदूर और कार में सवार छह लोग शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए भीलवाड़ा रेफर किया गया है। बेगूं के पुलिस उपाधीक्षक अंकित कुड़ी के अनुसार, पुलिस ने मामले में दोनों वाहनों के चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।