आगर मालवा : - मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के डोंगरगांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जय किसान स्कूल के पास खड़े चावल से लदे ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। ट्रक में करीब 10 टन बासमती चावल भरा हुआ था, जो आग की भेंट चढ़ गया। स्कूल के नजदीक आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि, समय रहते पुलिस और दमकल की टीम पहुंच गई, जिससे आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया। राहत की बात रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।


जानकारी के मुताबिक, ट्रक पंजाब से बासमती चावल लेकर इंदौर जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे चालक शंभूलाल मेहर ट्रक को डोंगरगांव में स्कूल के पास खड़ा कर अपने घर चला गया था। इसी दौरान वाहन में अचानक आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही सोयत कलां थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक में लदा चावल जलकर खाक हो चुका था। फिलहाल आग लगने की असल वजह सामने नहीं आई है। पुलिस वाहन की जांच कर रही है, जिसके बाद ही आग लगने के कारणों का खुलासा हो सकेगा।