हैदराबाद : - फिटनेस ट्रेनर की नौकरी और भरोसे के रिश्ते के पीछे छिपी एक गंभीर आपराधिक वारदात का मामला करीब 10 साल बाद अदालत के फैसले तक पहुंचा है। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक जिम ट्रेनर मोहम्मद मौजम अली (39) को महिला के यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के मामले में 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है। अदालत ने दोषी पर 8 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। मामला गाचीबोवली के रामकी टावर्स स्थित जिम से जुड़ा है। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि जनवरी 2015 से आरोपी जिम के महिला शौचालय में उसका यौन शोषण कर रहा था। बाद में वह उसके फ्लैट तक पहुंच गया और वहां भी कथित तौर पर कई बार उसका उत्पीड़न किया।
महिला की शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने उसे और उसके पति को बदनाम करने की धमकी देकर दबाव बनाने की कोशिश की। मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर तस्वीरें हासिल करने का आरोप भी उस पर लगा। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने फरवरी 2017 में अपने पति को पूरी घटना बताई और फिर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। रायदुर्गम पुलिस ने जांच के दौरान गवाहों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटाए। 15 फरवरी 2017 को आरोपी को गिरफ्तार किया गया और बाद में अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया। मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद 13वीं अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एम. वाणी ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए 20 साल की कठोर कैद सुनाई।

टिप्पणियाँ (0)