प्रयागराज : - उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक नाबालिग छात्र की हरकत ने स्कूल प्रबंधन और पुलिस को सकते में डाल दिया। मुट्ठीगंज इलाके के एक स्कूल में कक्षा आठ के छात्र के बैग से तीन देसी बम बरामद हुए। मामला तब सामने आया, जब एक अन्य विद्यार्थी को छात्र के बैग में संदिग्ध सामान होने का शक हुआ। जांच करने पर उसमें तीन देसी बम मिले। स्कूल प्रशासन ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। पूछताछ के दौरान छात्र ने बताया कि उसने बम खुद घर पर बनाए थे। हालांकि, पुलिस उसके इस दावे की पुष्टि करने के साथ यह भी पता लगा रही है कि उसे विस्फोटक बनाने की जानकारी कहां से मिली।
पुलिस की शुरुआती जांच में इस घटना के पीछे दो छात्रों के बीच चल रहा विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों पहले अच्छे दोस्त थे, लेकिन कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी। इसी के बाद छात्र ने अपने सहपाठी को डराने की योजना बनाई और तीन देसी बम लेकर स्कूल पहुंच गया। अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि छात्र ने वास्तव में खुद बम तैयार किए थे या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसे ये बम दिए थे। इस मामले में स्कूल कर्मचारी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। छात्र से पूछताछ के बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस उसके पिता से भी जानकारी जुटा रही है।

टिप्पणियाँ (0)