बालोद : - छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव को हैरानी और दहशत में डाल दिया है। यहां मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के बाद एक बुजुर्ग महिला की अस्थियां रहस्यमय तरीके से गायब हो गईं। जब अंतिम संस्कार के अगले दिन परिजन अस्थियां लेने पहुंचे तो चिता स्थल पर नारियल, दीया और अगरबत्ती रखे मिले। शक होने पर जब उन्होंने राख में अस्थियां तलाशीं तो वे वहां नहीं थीं। घटना से स्तब्ध परिजनों ने गुरुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामला गुरुर ब्लॉक के ग्राम खैरवाही का है, जहां 94 वर्षीय विद्यावती रुखमणी शर्मा का 12 नवंबर की रात निधन हो गया था। 13 नवंबर को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया था। अगले दिन परिवार के सदस्य पूजा के लिए मुक्तिधाम पहुंचे, जहां यह हैरान करने वाला मामला सामने आया।

परिजनों के मुताबिक, विद्यावती शर्मा धार्मिक स्वभाव की थीं और उनकी अंतिम इच्छा थी कि निधन के बाद उनकी अस्थियां प्रयागराज ले जाकर गंगा में विसर्जित की जाएं। परिवार उनकी इसी इच्छा के अनुसार धार्मिक विधि-विधान पूरा करने की तैयारी में था, लेकिन अस्थियां गायब होने से उनकी भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। परिवार ने अज्ञात व्यक्ति पर अस्थियां ले जाने का संदेह जताते हुए उन्हें खोजने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने इसलिए भी गंभीर रूप ले लिया है, क्योंकि ग्रामीणों का दावा है कि खैरवाही के इसी मुक्तिधाम में अस्थियां गायब होने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले भी दो परिवारों के साथ ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार सामने आ रहे इन मामलों से ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है।