देहरादून : - उत्तराखंड में गुरुवार दोपहर उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब हरिद्वार से देहरादून जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस अचानक आग की चपेट में आ गई। घटना नेपालीफार्म के पास रायवाला क्षेत्र की है। करीब दोपहर 1:45 बजे बस के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। बस में आग देखकर यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही रायवाला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। हादसे के चलते हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बस में सवार यात्रियों को परिवहन निगम की दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। समय रहते चालक की सतर्कता और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने से एक बड़ा हादसा टल गया।

टिप्पणियाँ (0)