मंडी : - हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने छह परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। जोगेंद्रनगर के लडभड़ोल क्षेत्र के सिमस में मंगलवार रात एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार छह लड़कों की मौत हो गई। सभी मृतकों के नाबालिग होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि ये सभी लडभड़ोल बाजार में दुकान और कारोबार करने वाले परिवारों के बच्चे थे। मंगलवार को वे सिमस में एक नामकरण समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से लौटते समय उनकी कार हादसे का शिकार हो गई, लेकिन रातभर किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।

बुधवार सुबह तक जब बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज में वे एक दुकान पर दिखाई दिए, जिसके बाद उनकी तलाश तेज कर दी गई। दोपहर बाद एक स्थानीय व्यक्ति की नजर खाई में गिरी कार पर पड़ी। सूचना मिलते ही लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को बाहर निकालकर लडभड़ोल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छहों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ छह किशोरों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।