रायपुर : कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नारायणपुर में पदस्थ थाना प्रभारी (TI) विनीत दुबे को बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने निलंबित कर दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने पुलिस की गोपनीय कार्रवाई से जुड़ी जानकारी फरार आरोपी शोएब ढेबर तक पहुंचाई थी, जिसके चलते पुलिस की दबिश से पहले ही वह मौके से फरार हो गया। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। पुलिस मुख्यालय के आदेश में विनीत दुबे के आचरण को पद के अनुरूप नहीं मानते हुए कार्रवाई की गई है।
पूरा मामला रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़ा है। पुलिस 25 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी के मामले में फरार शोएब ढेबर की तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए खम्हारडीह समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश देने की योजना बनाई गई थी, लेकिन पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया। इसके बाद पुलिस की गोपनीय रणनीति लीक होने का संदेह गहराया और विभागीय जांच शुरू हुई। जांच के आधार पर अब TI विनीत दुबे को सस्पेंड कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

टिप्पणियाँ (0)