अंबिकापुर : सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 19 ग्रामीणों की मौत का कारण बने आक्रामक हाथी 'कबरा' को आखिरकार वन विभाग की टीम ने छह दिनों की मशक्कत के बाद ट्रेंकुलाइज कर लिया है। बुधवार सुबह रामगढ़ पहाड़ी के जंगल में वन्यजीव विशेषज्ञों ने गन से डार्ट मारकर हाथी को बेहोश किया। हालांकि, आसपास 17 अन्य हाथियों के झुंड की मौजूदगी के कारण अब उसे रेडियो कॉलर आईडी पहनाना चुनौती बना हुआ है। इस काम में प्रशिक्षित कुमकी हाथी तीरथराम और दुर्योधन की मदद ली जा रही है। वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड को दूर हटाकर सुरक्षित तरीके से कॉलर आईडी लगाने की कोशिश कर रही है।

पिछले छह दिनों से चल रहे 'ऑपरेशन कबरा' में मंगलवार रात हाथियों का दल तेंदूटिकरा और सरमा के जंगल से होते हुए रामगढ़ पहाड़ी के पास पहुंचा था। बुधवार सुबह विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम कुमकी हाथियों पर सवार होकर जंगल में दाखिल हुई। इसी दौरान कबरा जब झुंड के अन्य हाथियों से थोड़ा अलग हुआ, तो टीम ने उस पर ट्रेंकुलाइजिंग डार्ट दाग दिया। डार्ट लगने के बाद हाथी घने जंगल की ओर बढ़ गया। अधिकारियों के मुताबिक, आसपास 17 हाथियों की मौजूदगी के कारण अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण है। इसलिए तीरथराम और दुर्योधन की मदद से दूसरे हाथियों को दूर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कबरा को सुरक्षित तरीके से रेडियो कॉलर पहनाया जा सके।

सरगुजा के मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) डॉ. प्रणय मिश्रा के मुताबिक, कबरा को ट्रेंकुलाइज करने में सफलता मिल गई है, लेकिन कॉलर आईडी लगाने की प्रक्रिया अभी बाकी है। रेडियो कॉलर लगने के बाद उसकी गतिविधियों और लोकेशन पर नजर रखी जा सकेगी। फिलहाल यह अंतिम निर्णय नहीं हुआ है कि उसे वापस जंगल में छोड़ा जाएगा या रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा। वन विभाग के अधिकारी और विशेषज्ञ पूरी सावधानी के साथ अभियान में जुटे हैं। इस दौरान वन्यजीवों के साथ रेस्क्यू टीम की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा रही है।