कानपुर : - वंदे भारत एक्सप्रेस में अपने रिश्तेदारों को विदा करने के लिए ट्रेन में चढ़ना 12 लोगों को महंगा पड़ गया। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर परिजनों को उनकी सीट तक पहुंचाने गए ये लोग ट्रेन के ऑटोमैटिक दरवाजे बंद होने के कारण अंदर ही फंस गए। ट्रेन रवाना होने के बाद भी वे नीचे नहीं उतर सके और उन्हें कानपुर से इटावा तक का सफर करना पड़ा। मामला वाराणसी से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (22415) का है। ट्रेन स्टाफ को सूचना मिलने के बाद कंट्रोल रूम के निर्देश पर ट्रेन को इटावा जंक्शन पर रोका गया, जहां रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम ने सभी 12 लोगों को सुरक्षित उतारा।

रेलवे अधिकारियों ने पूछताछ के बाद बिना वैध अनुमति आरक्षित कोच में प्रवेश करने और नियमों के उल्लंघन पर प्रत्येक व्यक्ति से 3 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। इस तरह कुल 36 हजार रुपये की वसूली हुई। बाद में सभी को चेतावनी देकर जाने दिया गया। रेलवे के नियमों के मुताबिक, प्लेटफॉर्म टिकट लेकर प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति होती है, लेकिन इससे एसी या स्लीपर जैसे आरक्षित कोच में बैठने अथवा ट्रेन में सफर करने का अधिकार नहीं मिलता। परिजनों को उनकी सीट तक पहुंचाने के बाद ट्रेन रवाना होने से पहले नीचे उतरना जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर रेलवे कार्रवाई कर सकता है।