मुंबई : - बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। अभिनेता को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट हो गई है। इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि धमकी भरा संदेश जीशान अख्तर के नाम से भेजा गया है। हालांकि, पुलिस अभी इसकी पुष्टि करने में जुटी है कि संदेश वास्तव में उसी ने भेजा है या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसकी पहचान का इस्तेमाल कर डर फैलाने की कोशिश की है। पुलिस इस मामले में गैंगस्टर कनेक्शन से लेकर फर्जी पहचान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल तक सभी पहलुओं की जांच कर रही है। गौरतलब है कि जनवरी 2025 में भी सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर में घुसकर उन पर चाकू से हमला किया गया था। इस हमले में अभिनेता गंभीर रूप से घायल हुए थे और उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी।

धमकी का मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी इसी तरह धमकियां मिल चुकी हैं। उन मामलों में पुलिस ने बेंगलुरु के 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। जांच में उसके किसी गैंग से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई थी और उस पर AI की मदद से कलाकारों को धमकाने का आरोप था। वहीं, जीशान अख्तर का नाम अक्टूबर 2024 में हुए एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में सामने आया था। उस पर शूटरों को लॉजिस्टिक मदद देने और साजिश में शामिल होने के आरोप हैं। फिलहाल पुलिस सैफ को भेजे गए धमकी भरे संदेश के डिजिटल सुराग खंगाल रही है। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि इसके पीछे वास्तव में कोई गैंगस्टर है या किसी ने फर्जी पहचान के जरिए अभिनेता को डराने की कोशिश की है।