चक्रवाती तूफान अकवान अनुमान से पहले ही तट की ओर बढ़ रहा है। गुरुवार दोपहर इसके आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहले तूफान के शुक्रवार को आंध्र तट से टकराने का अनुमान था, लेकिन इसकी बदलती चाल ने प्रशासन की तैयारियां तेज कर दी हैं। तूफान के प्रभाव से ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। ओडिशा में करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है, जबकि छह जिलों में 19 से 21 नवंबर तक स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम के बिगड़ते हालात को देखते हुए नौसेना समेत आपदा प्रबंधन एजेंसियां अलर्ट पर हैं। रेलवे ने भी तूफान के खतरे को देखते हुए गुरुवार को तीन ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया है।
चक्रवात अकवान का असर 10 राज्यों में देखने को मिल सकता है। आंध्र प्रदेश में 19 और 20 नवंबर को भारी से बेहद भारी बारिश के साथ 100 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि झोंके 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी में भारी बारिश, जलभराव और भूस्खलन का खतरा है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तेज हवाओं के साथ बारिश, समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका है। तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी 20 और 21 नवंबर को बारिश हो सकती है। तटीय राज्यों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है, जबकि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

टिप्पणियाँ (0)