रायपुर : - छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिलतरा क्षेत्र में मांढर शराब दुकान में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत प्रशांत वर्मा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उन्होंने अपनी मां और पत्नी को वॉट्सऐप पर संदेश भेजा था। मां को भेजे गए आखिरी मैसेज में उन्होंने जिंदगी से हार मानने की बात लिखते हुए माफी मांगी। बताया जा रहा है कि संदेश में उन्होंने शराब दुकान के दो कर्मचारियों के साथ जोनल आबकारी अधिकारी और मैनपावर कंपनी के अधिकारियों को भी अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि प्रशांत पर अधिकारियों की ओर से पैसे जमा करने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी दबाव के चलते वह परेशान थे। घटना की सूचना मिलते ही सिलतरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस मृतक के मोबाइल में मिले संदेशों, पारिवारिक बयानों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट होना बाकी है कि प्रशांत ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और उनके संदेश में लगाए गए आरोपों की सच्चाई क्या है।