कोरबा : - छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सरकारी स्कूल के छात्र-छात्राओं के नशा करते हुए वीडियो सामने आने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मामला पाली ब्लॉक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबी धतूरा का है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए दो अलग-अलग वीडियो में स्कूल के विद्यार्थियों की हरकतें दिखाई दे रही हैं। एक वीडियो में कक्षा 9वीं की दो छात्राएं स्कूल से गायब होकर सुनसान जगह पर सिगरेट या बीड़ी पीती और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती नजर आ रही हैं। वहीं, दूसरे वीडियो में कुछ छात्र स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर एक खंडहरनुमा स्थान पर बैठे गांजा पीते दिखाई दे रहे हैं। इन वीडियो के सामने आने के बाद स्कूल की अनुशासन व्यवस्था और विद्यार्थियों की गतिविधियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मामले के संज्ञान में आते ही स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक, प्राचार्य की ओर से नशे से जुड़े इन वीडियो में सामने आए कुल सात छात्र-छात्राओं को स्थानांतरण प्रमाण पत्र (TC) जारी करने का नोटिस दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद स्कूल और आसपास के क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, विद्यार्थियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई और पूरे मामले की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।