रायपुर : राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले कथित संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में गिरोह के तार छत्तीसगढ़ से बाहर ओडिशा, हैदराबाद और अहमदाबाद समेत अन्य राज्यों तक जुड़े होने की आशंका सामने आई है। आरोप है कि गिरोह सामाजिक और आर्थिक मजबूरियों से जूझ रही गर्भवती महिलाओं को निशाना बनाकर नवजात बच्चों को हासिल करता था और बाद में उन्हें मोटी रकम लेकर दूसरे दंपत्तियों को बेच देता था।

जांच के मुताबिक, गिरोह की महिलाएं जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को मुफ्त प्रसव और बेहतर इलाज का भरोसा दिलाकर अपने जाल में फंसाती थीं। खासकर सामाजिक परिस्थितियों के चलते गर्भावस्था छिपाने वाली महिलाओं को निशाना बनाया जाता था। मामले का खुलासा ओडिशा की एक महिला की शिकायत के बाद हुआ, जिसने नवजात बच्चे के साथ बंधक बनाए जाने की बात पुलिस को बताई। पुलिस ने कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया है। कृतिका साहू को कथित तौर पर गिरोह का मुख्य संचालक बताया जा रहा है।प्रारंभिक जांच में नवजात बच्चों को 5 से 10 लाख रुपये तक में बेचने की जानकारी सामने आई है, जबकि करीब 15 से 20 बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े सुराग मिलने का दावा किया गया है। गिरोह कथित तौर पर जन्म प्रमाण पत्र में खरीदार दंपत्ति का नाम दर्ज कराकर सौदे को वैध दिखाने की कोशिश करता था। पुलिस को कुछ अस्पतालों, डॉक्टरों और बिचौलियों से जुड़े संपर्कों की जानकारी भी मिली है। आजाद चौक थाने में मामला दर्ज कर पुलिस अब कथित खरीदारों, दलालों और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने अब तक कितने नवजातों का सौदा किया और इसमें कौन-कौन शामिल है।