उत्तर प्रदेश ; - विजयादशमी पर उत्तर प्रदेश में आस्था, परंपरा और धार्मिक आयोजनों की अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिलीं। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरक्षनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की। गोरक्षपीठ की परंपराओं के तहत कन्या पूजन और शोभायात्रा जैसे आयोजन भी हुए।

वहीं, कानपुर में दशहरे के खास मौके पर दशानन यानी रावण मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। साल में एक बार खुलने वाले इस मंदिर में रावण के दर्शन और पूजन के लिए भक्त पहुंचे। दशहरे पर रावण दहन की परंपरा के बीच इस मंदिर में रावण की पूजा का दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

दूसरी ओर, आगरा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस और विजयादशमी पर शस्त्र पूजन के बाद स्वयंसेवकों ने गणवेश में 72 अलग-अलग स्थानों पर पथ संचलन निकाला। राजधानी लखनऊ में ई-रिक्शा के जरिए रावण का पुतला घुमाया गया, जबकि वाराणसी में बंगाली समुदाय की महिलाओं ने पारंपरिक ‘सिंदूर खेला’ मनाया। इस तरह प्रदेश में विजयादशमी का पर्व अलग-अलग परंपराओं और आयोजनों के साथ मनाया गया। कहीं धार्मिक अनुष्ठान आकर्षण का केंद्र बने, तो कहीं ऐसी परंपराएं देखने को मिलीं, जो दशहरे के उत्सव को एक अलग पहचान देती हैं।