राजधानी रायपुर के कोटा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी से विवाद के बाद एक पिता पर अपनी छह माह की मासूम बेटी को दो बार जमीन पर पटकने का आरोप लगा है। घटना में बच्ची बेहोश हो गई, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल एम्स रायपुर लेकर पहुंचे। फिलहाल मासूम आईसीयू में भर्ती है और उसका इलाज जारी है। सरस्वती नगर पुलिस के मुताबिक, बच्ची की मां सरगम कावरिया ने बताया कि 14 अक्टूबर की रात मायके जाने की बात को लेकर पति आशीष कावरिया से विवाद हुआ था। आरोप है कि देर रात विवाद बढ़ने पर आशीष ने पहले बच्ची को जमीन पर पटका और मां के विरोध करने पर दोबारा ऐसा किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।


घटना ने एक बार फिर घरेलू विवाद के बीच बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. सुरभि दुबे के मुताबिक, तनाव और गुस्से पर नियंत्रण न रख पाने के कारण कुछ लोग हिंसक व्यवहार करने लगते हैं, लेकिन किसी भी परिस्थिति में बच्चों के साथ मारपीट को जायज नहीं ठहराया जा सकता। छोटे बच्चे खुद को बचाने में असमर्थ होते हैं और कई बार घर के भीतर ही हिंसा का शिकार बन जाते हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और जरूरत पड़ने पर मनोवैज्ञानिक परामर्श देना भी जरूरी है। फिलहाल, मासूम का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।