छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के चंदखुरी स्थित माता कौशल्या धाम में भगवान श्रीराम की 51 फीट ऊंची प्रतिमा को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। यहां स्थापित पुरानी प्रतिमा का पिछला हिस्सा क्रैक होकर गिरने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद अब नई प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी है। संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के अनुसार, मंदिर समिति की ओर से तारीख तय होते ही अगले 15 दिनों के भीतर नई प्रतिमा को पूरे विधि-विधान के साथ स्थापित किया जाएगा। इस पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
नई प्रतिमा मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा ने तैयार की है। इसे भगवान श्रीराम के वनवासी स्वरूप में बनाया गया है, जिसमें 108 रुद्राक्ष की माला, वनवास काल की वेशभूषा और पैरों में खड़ाऊं जैसी विशेषताएं होंगी। यह प्रतिमा फरवरी 2026 में छत्तीसगढ़ पहुंची थी, लेकिन स्थापना में देरी के चलते गोढ़ी गांव में तिरपाल के नीचे रखी गई है। वहीं, पुरानी प्रतिमा के निर्माण और गुणवत्ता को लेकर राजनीतिक विवाद भी गहराया है। भाजपा की ओर से पहले सवाल उठाए गए थे, जबकि कांग्रेस ने नई प्रतिमा तैयार कराने का श्रेय अपनी सरकार को देते हुए भाजपा पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। अब निगाहें मंदिर समिति की सहमति और नई प्रतिमा की स्थापना की तारीख पर टिकी हैं।

टिप्पणियाँ (0)