देहरादून : - दशहरे पर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में इस बार रावण दहन का भव्य नजारा देखने को मिलेगा। शहर के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में 79वें दशहरा महोत्सव के दौरान 181 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को खास बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और भव्य सजावट का सहारा लिया गया है। करीब 21 लाख रुपये की लागत से तैयार इस विशालकाय पुतले को बनाने में लगभग 45 दिन लगे हैं। कारीगर तेजिंदर चौहान की देखरेख में तैयार किए गए रावण के दहन के लिए इस बार रिमोट कंट्रोल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का कार्यक्रम है।

इस बार मैदान में सिर्फ रावण ही नहीं, बल्कि 70-70 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले भी आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके साथ ही भव्य स्वर्ण लंका का ढांचा तैयार किया गया है, जिसका दहन भी कार्यक्रम का हिस्सा होगा। आयोजकों के मुताबिक, रावण के पुतले में विशेष आतिशबाजी की व्यवस्था की गई है, जो रिमोट से शुरू होकर 12 चरणों में अपना नजारा पेश करेगी। तय कार्यक्रम के अनुसार शाम 5 बजे लंका दहन और शाम 6 बजकर 5 मिनट पर रावण दहन किया जाएगा। 181 फीट ऊंचे पुतले, रंग-बिरंगी आतिशबाजी और आधुनिक तकनीक के मेल से इस बार देहरादून का दशहरा महोत्सव लोगों के लिए खास आकर्षण बनने जा रहा है।