रायपुर/बिलासपुर : - विजयादशमी के मौके पर छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर में दशहरे का उत्साह चरम पर है। दोनों शहरों में रावण दहन के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। रायपुर के WRS कॉलोनी दशहरा मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन मुख्य आकर्षण रहेगा।
वर्ष 1970-71 से चली आ रही इस परंपरा को लेकर लोगों में खास उत्साह है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। रेलवे ट्रैक के पास बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों की गति 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित रखने की व्यवस्था की गई है। वहीं, सप्रे स्कूल मैदान में शाम 6 बजे करीब 50 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा, जबकि भटगांव में 65 फीट के रावण के साथ 55-55 फीट के मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले भी जलाए जाएंगे।
उधर, बिलासपुर में भी दशहरे को लेकर खास तैयारियां हैं। सरकंडा के नूतन चौक पर युवा दशहरा उत्सव समिति की ओर से 71 फीट ऊंचे रावण का दहन रात 8 बजे रिमोट कंट्रोल के जरिए किया जाएगा। इसे शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल किया गया है। इसके अलावा पुलिस मैदान, पंडित देवकीनंदन स्कूल ग्राउंड, बृहस्पति बाजार, मुंगेली नाका, मिनोचा कॉलोनी और रेलवे फुटबॉल मैदान सहित नौ से अधिक स्थानों पर रावण दहन और आतिशबाजी के कार्यक्रम होंगे। दोनों शहरों में धार्मिक उत्साह के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दशहरे के इन आयोजनों में लोगों को बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देखने को मिलेगा।

टिप्पणियाँ (0)