भिलाई : - गरबा की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब देर रात घर लौट रही 20 वर्षीय युवती की सड़क हादसे में जान चली गई। भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-5 स्थित फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग पर तेज रफ्तार कार और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। स्कूटी पर युवती के साथ उसका परिचित युवक भी सवार था, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रात करीब 3 बजे युवती ने दम तोड़ दिया। घायल युवक का उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान अक्षिता अवचट (20) के रूप में हुई है। वह अपने पड़ोस में रहने वाले आयुष कुमार पचौरी (17) के साथ गरबा खेलने गई थी। कार्यक्रम के बाद दोनों स्कूटी से तालपुरी स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-5 के सीमेंट प्लांट के पास कार क्रमांक CG 07 CH 232 ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार रॉन्ग साइड से आ रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों स्कूटी से उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अक्षिता की जान नहीं बच सकी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों और कार चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।