मुंबई : - बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन मीडिया के एक हिस्से की रिपोर्टिंग से नाराज हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके सोशल मीडिया पोस्ट में लिखे शब्दों का संदर्भ बदलकर पेश किया गया। मामला भगवान कृष्ण की भक्ति में गाए जाने वाले लोकप्रिय भजन “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” से जुड़ा है। बिग बी के मुताबिक, भक्ति से जुड़ी इस पंक्ति को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में विरोधियों की धमकियों और हथियारों से मुकाबला करने वाले बयान के तौर पर पेश किया गया। इसी रिपोर्टिंग पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई और इसे शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का मामला बताया।

अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग और सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करते हुए मीडिया की जवाबदेही पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गलत रिपोर्टिंग होने पर संबंधित संस्थानों को अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए और माफी मांगनी चाहिए। अपने फॉलोअर्स की बड़ी संख्या का जिक्र करते हुए उन्होंने मीडिया को चेतावनी भरे अंदाज में संदेश दिया और कहा कि अब सूचना का माध्यम केवल पारंपरिक मीडिया तक सीमित नहीं है, सोशल मीडिया भी लोगों के हाथ में है। अमिताभ बच्चन की इस तीखी प्रतिक्रिया ने उनके पोस्ट और मीडिया रिपोर्टिंग के तरीके को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।