जयपुर : - दिवाली के त्योहार पर मिठाइयों की मिठास के बीच जयपुर की एक खास मिठाई अपनी कीमत को लेकर जबरदस्त चर्चा में है। नाम है 'त्योहार अशर्फी'। इसका शाही अंदाज और कीमत सुनकर अच्छे-अच्छों के होश उड़ सकते हैं। महज 9 ग्राम की एक अशर्फी की कीमत 1,111 रुपये रखी गई है। इस हिसाब से एक किलो मिठाई की कीमत करीब 1.23 लाख रुपये बैठती है। जयपुर के एक कन्फेक्शनरी आउटलेट की ओर से तैयार की गई यह मिठाई सोशल मीडिया से लेकर बाजारों तक सुर्खियां बटोर रही है।
आखिर क्या है इस मिठाई की खासियत?
यह मिठाई सिर्फ अपने नाम और कीमत की वजह से खास नहीं है, बल्कि इसे बनाने में इस्तेमाल की गई सामग्री भी इसे बेहद प्रीमियम बनाती है। इसका बेस बादाम से तैयार किया गया है, जिसमें खाद्य स्वर्ण भस्म मिलाई गई है। इसके ऊपर 24 कैरेट सोने का खाने योग्य वर्क और शुद्ध केसर लगाया जाता है। यानी देखने में यह बिल्कुल सोने की अशर्फी जैसी नजर आती है। इसकी डिजाइन के पीछे भी शाही परंपरा की कहानी है। आउटलेट की संस्थापक सीए अंजलि जैन के मुताबिक, पुराने दौर में राजा-महाराजा खास मेहमानों को सम्मान और समृद्धि के प्रतीक के तौर पर सोने की अशर्फियां भेंट करते थे। इसी परंपरा से प्रेरित होकर इस मिठाई को सोने के सिक्के का आकार दिया गया है। इसकी कीमत में भी खास अंक का ध्यान रखा गया है। भारतीय परंपरा में 1,111 को शुभ माना जाता है, इसलिए एक पीस का दाम 1,111 रुपये तय किया गया है। वहीं, लग्जरी गिफ्टिंग के लिए 9 अशर्फियों वाला रॉयल बॉक्स भी उपलब्ध है, जिसकी कीमत 9,999 रुपये रखी गई है। ऐसे में यह मिठाई स्वाद से ज्यादा अपने शाही अंदाज और प्रीमियम कीमत के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

टिप्पणियाँ (0)