झुंझुनूं : - राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सड़क निर्माण के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों वाले गांव को मातम में बदल दिया। उदयपुरवाटी तहसील के छापोली गांव में सोमवार को निर्माण कार्य के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों के जनसहयोग से सड़क बनाई जा रही थी। इसी दौरान बजरी और रोड़ी मिलाने वाली मिक्सर मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। देखते ही देखते मशीन में करंट फैल गया और उसके आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जिला कलेक्टर अरुण गर्ग और उदयपुरवाटी थानाधिकारी रामपाल ने घटनास्थल का जायजा लिया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर शोक जताते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार और प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। वहीं, हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने घटनास्थल पर धरना शुरू कर दिया है। पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा और पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी भी मौके पर पहुंचे।