रायपुर : - राजधानी में अवैध गुटखा कारोबार के खिलाफ जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खमतराई थाना क्षेत्र में एक गोदाम पर छापेमारी कर अधिकारियों ने करीब 2 करोड़ रुपये का गुटखा बरामद किया है। बताया जा रहा है कि विभाग को गोदाम में बड़े पैमाने पर अवैध स्टॉक रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और भारी मात्रा में गुटखा जब्त किया। फिलहाल अधिकारी गोदाम में मिले माल से जुड़े दस्तावेजों, स्टॉक और कारोबार के लेनदेन की पड़ताल कर रहे हैं। इस कार्रवाई के बाद राजधानी में अवैध गुटखा सप्लाई के नेटवर्क को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले सितंबर में भी डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने रायपुर के शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम पर छापा मारा था। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के आधार पर की गई उस कार्रवाई में 'सितार' ब्रांड के 50 से अधिक बोरे गुटखा बरामद हुए थे। उस दौरान अधिकारियों ने वित्तीय दस्तावेजों की जांच के साथ गोदाम मालिक और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ भी की थी। अब खमतराई में हुई ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर रायपुर में गुटखे के कथित अवैध कारोबार और उसकी सप्लाई चेन को जांच के दायरे में ला दिया है।