बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन आज अपना 84वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर मुंबई स्थित उनके घर ‘जलसा’ के बाहर फैंस का जमावड़ा देखने को मिला। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कहीं प्रशंसक बिग बी की फिल्मों के गाने गाते नजर आए, तो कहीं केक काटकर अपने चहेते सितारे का जन्मदिन मनाते दिखे। एक फैन ने तो अमिताभ बच्चन के खास अंदाज में डांस कर महफिल ही लूट ली। वहीं, महानायक के हमशक्ल ने लोगों के साथ केक बांटकर जश्न को और खास बना दिया। फैंस अपने हाथों में गुब्बारे और बच्चन परिवार की तस्वीरें लेकर अभिनेता के प्रति अपना प्यार जाहिर करते नजर आए।

अमिताभ बच्चन और उनके प्रशंसकों के बीच का रिश्ता दशकों पुराना है, जो आज भी उतना ही मजबूत दिखाई देता है। हर साल उनके जन्मदिन पर बड़ी संख्या में लोग ‘जलसा’ के बाहर उनकी एक झलक पाने की उम्मीद में पहुंचते हैं।

84 साल की उम्र में भी बिग बी मनोरंजन जगत में लगातार सक्रिय हैं। इन दिनों वह टीवी के लोकप्रिय शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ को होस्ट कर रहे हैं और आने वाले समय में फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल में भी नजर आएंगे। सिनेमा में अपने शानदार सफर और दमदार व्यक्तित्व के दम पर अमिताभ बच्चन आज भी करोड़ों दिलों पर राज करते हैं।