लखनऊ : - खराब मौसम और घने कोहरे ने सोमवार सुबह हवाई सफर की रफ्तार थाम दी। वाराणसी और काठमांडू में दृश्यता कम होने के कारण चार विमानों को उनके निर्धारित गंतव्य के बजाय लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। इनमें इंडिगो की दो उड़ानें, हिमालय एयरलाइंस और फ्लाईदुबई की एक-एक उड़ान शामिल हैं। अचानक बदले रूट के कारण यात्रियों को परेशानी हुई, हालांकि अधिकारियों के मुताबिक किसी भी विमान में तकनीकी खराबी या आपात स्थिति नहीं थी।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, बेंगलुरु और दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिगो की उड़ानें सुबह क्रमशः 7:20 और 7:05 बजे लखनऊ पहुंचीं। वहीं, हांगझोऊ से काठमांडू जा रही हिमालय एयरलाइंस की उड़ान सुबह 7:40 बजे और दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान 8:18 बजे लखनऊ में उतरी। अधिकारियों के मुताबिक, वाराणसी और काठमांडू में मौसम सुधरने तथा दृश्यता बढ़ने के बाद विमानों को आगे रवाना किया जाएगा।