रायपुर : - विदेश में बैठकर महादेव ऑनलाइन सट्टा एप का कथित नेटवर्क चलाने के आरोपी सौरभ चंद्राकर को आखिरकार भारतीय जांच एजेंसियां देश वापस ले आई हैं। ओमान से रविवार शाम भारत लाए गए सौरभ की सोमवार को रायपुर की विशेष अदालत में पेशी होनी है। इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान में पकड़े गए सौरभ को CBI ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कर भारत पहुंचाया है। अब सबकी नजर अदालत की कार्रवाई और जांच एजेंसियों की अगली रणनीति पर टिकी है।

सट्टे की कमाई से लेकर हवाला नेटवर्क तक, जांच के घेरे में कई सवाल

महादेव सट्टा एप मामले में अब जांच का अहम मोड़ सामने है। एजेंसियों की पड़ताल में कथित अवैध कमाई को बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजे जाने की बात सामने आई है। सौरभ के खिलाफ दो मामलों में पहले ही आरोपपत्र दाखिल हो चुके हैं, जबकि ED ने भी अलग से अभियोजन शिकायत दर्ज की है। अब पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि सट्टेबाजी के इस कथित नेटवर्क में कौन-कौन शामिल था, पैसों का लेनदेन किन रास्तों से हुआ और विदेशों में फैले नेटवर्क की कड़ियां कहां तक जुड़ी हैं। इन सवालों के जवाब जांच और अदालत की कार्यवाही आगे बढ़ने के साथ सामने आ सकते हैं।