उत्तरकाशी : - उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगनानी के पास यात्रियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और सीधे नदी में समा गई। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की सूचना है, जबकि दो अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। कार में गुजरात के छह यात्रियों समेत कुल सात लोग सवार थे। सभी गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन उनकी धार्मिक यात्रा दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गई।
जानकारी के मुताबिक, वाहन गुरुवार सुबह हिना के पास से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर बढ़ते समय अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बचाव दल ने नदी किनारे से पांच लोगों के शव बरामद किए हैं। वहीं, लापता दो अन्य लोगों की तलाश के लिए सर्च अभियान जारी है। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

टिप्पणियाँ (0)