मुंबई : - बॉम्बे टाइम्स फैशन वीक अक्टूबर 2026 के दूसरे दिन मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में फैशन और ग्लैमर का शानदार नजारा देखने को मिला। बॉलीवुड सितारों ने अपने स्टाइलिश अंदाज और आकर्षक आउटफिट्स से रैंप पर चार चांद लगा दिए, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा अभिनेता सोहेल खान के नए लुक और फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन की रही।
करीब 12 किलो वजन कम करने के बाद सोहेल पहले से ज्यादा फिट अंदाज में नजर आए। ब्लैक वेलवेट सूट पहनकर रैंप पर उतरे सोहेल ने अपने डांस मूव्स से भी दर्शकों का ध्यान खींचा। वह डिजाइनर रियाज और अमन गांगजी के ब्रांड ‘LIBAS’ के शोस्टॉपर बने, जहां अभिनेत्री अनुप्रिया गोयनका भी उनके साथ रैंप वॉक करती नजर आईं।
फैशन वीक में सोहेल के अलावा शिल्पा शेट्टी, खुशी कपूर और लीजा हेडन ने भी अपने ग्लैमरस अंदाज से सुर्खियां बटोरीं। शिल्पा शेट्टी ने डिजाइनर सीमा सिंह के लेबल ‘ऐश्वर्या’ के ‘ऑरा ऑफ ओपुलेंस’ कलेक्शन को पेश किया, जबकि खुशी कपूर रिलायंस ट्रेंड्स के ‘द एथनिक एडिट’ कलेक्शन के फेस्टिव लुक में नजर आईं।
वहीं, लीजा हेडन ने डिजाइनर शुभिका के ब्रांड ‘पापा डोंट प्रीच’ के ‘मैडोना एंड द सायरन्स’ कलेक्शन को रैंप पर प्रदर्शित किया। इस ग्लैमरस आयोजन में नील नितिन मुकेश, ईशा मालवीय, पारुल गुलाटी, कुशा कपिला और आयशा खान समेत कई चर्चित हस्तियां शामिल हुईं। ‘बॉलीवुड वाइव्स’ फेम महीप कपूर, भावना पांडे, नीलम कोठारी और सीमा सजदेह के स्टाइलिश लुक्स ने भी फैशन वीक की रौनक बढ़ाई।

टिप्पणियाँ (0)