निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायणम्' में माता सीता का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री साई पल्लवी ने शूटिंग से जुड़ा एक भावुक किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि एक सीन की शूटिंग के बाद उनकी डायलेक्ट कोच ने अचानक उनके पैर छू लिए। यह देखकर साई पल्लवी हैरान रह गईं। दरअसल, उनकी कोच उन्हें एक सामान्य इंसान के तौर पर भी जानती थीं, लेकिन माता सीता के रूप में देखकर वह खुद को रोक नहीं पाईं। इस घटना ने अभिनेत्री की आंखों में भी आंसू ला दिए।

एक इंटरव्यू में साई पल्लवी ने बताया कि उनकी डायलेक्ट कोच इस दौरान रोने लगी थीं और उन्हें भावुक देखकर वह खुद भी रो पड़ीं। अभिनेत्री के मुताबिक, उस पल उन्हें एहसास हुआ कि माता सीता का किरदार लोगों की आस्था और भावनाओं से कितना गहराई से जुड़ा है। लोग इस किरदार में सिर्फ किसी कलाकार को नहीं देखते, बल्कि उस श्रद्धा और प्रेम को महसूस करते हैं, जो उनके मन में माता सीता के लिए है। साई ने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें समझाया कि इस तरह के पवित्र किरदार निभाना कितनी बड़ी जिम्मेदारी है।