छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नौकरी छोड़ने और कैश का हिसाब मांगने को लेकर रेस्टोरेंट कर्मचारी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, गुलाटी बाय एमपीएस किचन में कैशियर के पद पर काम करने वाले कर्मचारी ने 18 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 1:40 बजे रेस्टोरेंट मालिक विशाल गुलाटी से कैश का हिसाब करने को कहा और अगले दिन से ड्यूटी पर नहीं आने की बात कही। आरोप है कि इससे नाराज होकर मालिक ने मैनेजर पारस टंडन को बुलाया और कर्मचारी को ऑफिस में ले जाया गया। वहां नौकरी छोड़ने की बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
पीड़ित का आरोप है कि ऑफिस में गाली-गलौज के बाद जब उसने विरोध किया, तो विशाल गुलाटी और मैनेजर पारस टंडन ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। कर्मचारी के मुताबिक, इस घटना में उसके गाल, गले और पीठ पर चोटें आई हैं। घटना के दौरान रेस्टोरेंट के दो अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, मारपीट के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

टिप्पणियाँ (0)