रायपुर : महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सीबीआई की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उसे अपनी हिरासत में लेने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में ईडी की टीम सौरभ चंद्राकर को रायपुर स्थित विशेष अदालत में पेश करने पहुंची। ईडी ने कोर्ट में प्रोडक्शन वारंट के आधार पर आरोपी की पेशी कराई और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए कस्टोडियल रिमांड की मांग की है।
दरअसल, गुरुवार को ईडी ने सौरभ चंद्राकर की रिमांड के लिए आवेदन लगाया था, लेकिन अदालत ने विधिवत आवेदन पेश करने की बात कहते हुए उसे अस्वीकार कर दिया था। इसके बाद ईडी ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाया। अब आरोपी की कोर्ट में पेशी के बाद ईडी ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करने के लिए समय मांगा है। मामले में आगे की सुनवाई के बाद अदालत रिमांड को लेकर फैसला करेगी। यदि कोर्ट से अनुमति मिलती है तो ईडी महादेव सट्टा नेटवर्क और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ करेगी।

टिप्पणियाँ (0)