रायपुर : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल को दुबई में गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक, उसे अक्टूबर महीने में UAE के अधिकारियों ने हिरासत में लिया था। अब उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी को शराब घोटाले की जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मुताबिक, विकास अग्रवाल कथित शराब सिंडिकेट का वित्तीय प्रबंधक था। उस पर आरोप है कि वह डिस्टिलरी और FL-10A लाइसेंसधारियों से कमीशन की रकम वसूलकर अनवर ढेबर तक पहुंचाता था। ईडी लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में दर्ज एफआईआर में 3,200 करोड़ रुपये से अधिक के कथित घोटाले का उल्लेख है। मामले में राजनेताओं, आबकारी विभाग के अधिकारियों और कारोबारियों समेत कई लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज है।