सलमान खान के फैंस के लिए बड़ी खबर है। बॉलीवुड के भाईजान अब पर्दे पर देश की सरहद, सैनिकों के शौर्य और बलिदान की कहानी लेकर आ रहे हैं। उनकी नई फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' (Maatrubhumi: May War Rest in Peace) की रिलीज डेट सामने आ गई है। यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी। गलवान घाटी में साल 2020 में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुए संघर्ष से प्रेरित इस वॉर-ड्रामा में सलमान खान एक दमदार किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका निभाएंगी, जबकि मुकेश ऋषि, अंकुर भाटिया और अभिलाष चौधरी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा नेपाली अभिनेता अनूप बिक्रम शाही की हो रही है, जो इस प्रोजेक्ट के जरिए बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं। वह फिल्म में चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के मेजर की भूमिका निभाएंगे। ऐसे में सलमान खान और अनूप बिक्रम शाही के बीच पर्दे पर आमना-सामना कहानी का अहम हिस्सा होगा। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। गलवान घाटी की घटना से प्रेरित यह कहानी भारतीय सैनिकों के साहस, संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान को सामने लाने की कोशिश करेगी। अब दर्शकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सलमान खान का यह देशभक्ति से भरपूर अंदाज बॉक्स ऑफिस पर कितना असर दिखाता है।

टिप्पणियाँ (0)