रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है। इसी सिलसिले में सीबीआई की टीम ने रायपुर के समता कॉलोनी स्थित मोहित सोमानी के निवास पर दबिश दी। बताया जा रहा है, कि जांच एजेंसी को मोहित सोमानी पर सट्टा ऐप के प्रमोटर से आईडी लेकर आगे बेचने की आशंका है। इसी कड़ी में सीबीआई की टीम उसके ठिकानों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, मोहित सोमानी को रायगढ़ पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से वह फिलहाल रायगढ़ जेल में बंद है। अब सीबीआई की टीम का रायपुर स्थित उसके निवास पर पहुंचना महादेव सट्टा ऐप मामले की जांच में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। हालांकि, सीबीआई की इस कार्रवाई के दौरान क्या-क्या जानकारी या दस्तावेज मिले हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।