लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा आज 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। चार दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व में व्रती महिलाएं और पुरुष भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं। पर्व के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन व्रती पवित्र स्नान कर सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। पारंपरिक रूप से कद्दू-भात का विशेष महत्व है। इसके बाद 14 नवंबर को खरना होगा, जिसमें व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत की शुरुआत हो जाएगी।

छठ महापर्व के तीसरे दिन यानी 15 नवंबर को व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती पारण कर अपना निर्जला व्रत पूरा करेंगे। छठ पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, स्वच्छता, अनुशासन और परिवार की एकजुटता का भी प्रतीक है। इस दौरान घाटों पर भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिलता है।