छत्तीसगढ़ में अब धीरे-धीरे ठंड अपना असर दिखाने लगी है। खासकर प्रदेश के उत्तरी इलाकों में सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और बारिश की कोई संभावना नहीं है। गुरुवार को अंबिकापुर 11.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं, दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में भी दिन के तापमान में गिरावट देखी गई। यहां अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन मौसम में शुष्कता के चलते ठंड का अहसास धीरे-धीरे बढ़ सकता है। शुक्रवार 13 नवंबर को रायपुर में आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 30 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह के वक्त हल्की ठंडक और धुंध महसूस हो सकती है। मौसम में बदलाव के साथ दिन छोटे और रातें लंबी होने लगी हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और देर रात घरों से निकलने वालों को ठंड का ज्यादा एहसास हो सकता है।