मुंबई : - बॉलीवुड अभिनेत्री सोनी राजदान ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा पुराना किस्सा साझा किया है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है। उन्होंने बताया कि साल 1993 में रिलीज हुई फिल्म 'गुमराह' की शूटिंग के दौरान वह बेटी आलिया भट्ट से गर्भवती थीं, लेकिन उन्हें इस बात की जानकारी ही नहीं थी। फिल्म में सोनी ने एंजेला नाम की एक कैदी का किरदार निभाया था। इस भूमिका के लिए उन्हें एक खास स्मोकिंग सीन शूट करना था, जिसमें उन्होंने एक ही दिन में करीब 100 सिगरेट पी ली थीं। दिलचस्प बात यह है कि सोनी असल जिंदगी में धूम्रपान नहीं करती थीं और शूटिंग के दौरान उन्हें यह अंदाजा भी नहीं था कि उनके गर्भ में आलिया पल रही हैं।
सोनी राजदान ने इंटरव्यू में फिल्म की शूटिंग से जुड़े दूसरे अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान ही उन्होंने फिल्म का फांसी वाला सीन भी शूट किया था। बाद में जब उनका बेबी बंप नजर आने लगा, तो शूटिंग के दौरान उनकी कॉस्ट्यूम में बदलाव करना पड़ा। करीब तीन दशक पुराने इस किस्से ने एक बार फिर फिल्म 'गुमराह' की शूटिंग और सोनी राजदान के अनुभवों को चर्चा में ला दिया है। वहीं, आलिया भट्ट से जुड़ा यह अनोखा खुलासा सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।

टिप्पणियाँ (0)