महासमुंद : - छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से चार विचाराधीन बंदियों के एक साथ फरार होने से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हैरानी की बात यह है कि जेल की ऊंची दीवार और सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चारों बंदी रात के अंधेरे में भाग निकले और सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
बताया जा रहा है कि घटना सोमवार तड़के 3 से 4 बजे के बीच की है। सुबह बंदियों की गिनती के दौरान चारों के गायब होने का पता चला। फरार बंदियों में धर्मवीर, लीलाधर, राजेंद्र और पंचराम शामिल हैं। इनमें राजेंद्र NDPS के मामले में बंद था, जबकि पंचराम चोरी के आरोप में जेल में था।
पहले भी जेल से फरार हो चुका है एक बंदी
चारों के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन सक्रिय हो गया। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच शुरू की गई है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मुखबिरों के जरिए भी बंदियों की तलाश की जा रही है।
इस घटना में सबसे चौंकाने वाला नाम पंचराम का है, जिसके बारे में बताया जा रहा है कि वह पहले भी जांजगीर-चांपा जिला जेल से फरार हो चुका है। ऐसे में जेल की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर चार बंदी जेल की ऊंची दीवार कैसे फांद गए? क्या उन्हें भागने में किसी बाहरी व्यक्ति ने मदद की या जेल के भीतर ही सुरक्षा में बड़ी चूक हुई? फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन इन सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

टिप्पणियाँ (0)