श्रीनगर : - जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट समेत दो आतंकियों को मार गिराया। सोमवार को लारू इलाके में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने खुफिया इनपुट के आधार पर घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान छिपे आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में कई घंटों तक मुठभेड़ चली, जिसके बाद दोनों आतंकी मारे गए। बताया जा रहा है कि लतीफ भट लश्कर का सक्रिय और घाटी में बचा हुआ प्रमुख कमांडर था। इस कार्रवाई को पांच दिन पहले CRPF जवानों पर हुए हमले के बाद सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में आतंकियों ने सुरक्षा चेकपॉइंट पर तैनात CRPF जवानों को निशाना बनाते हुए करीब 30 राउंड फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। इसके अगले ही दिन किश्तवाड़ में आतंकियों ने दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर बाबी चंद और यशपाल कुमार की हत्या कर दी थी। लगातार हो रहे हमलों के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और आतंकियों की तलाश तेज कर दी गई थी। अब कुलगाम में लतीफ भट समेत दो आतंकियों के मारे जाने से सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। वहीं, लगातार आतंकी घटनाओं को लेकर जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच इस ऑपरेशन को अहम माना जा रहा है।

टिप्पणियाँ (0)