नई दिल्ली : - भारतीय सिनेमा में अब निर्देशक सिर्फ फिल्में नहीं बना रहे, बल्कि अपनी कहानियों के दम पर दुनिया भर में भारतीय फिल्मों का डंका बजा रहे हैं। कोई पौराणिक गाथा को भव्य अंदाज में पर्दे पर उतार रहा है, तो कोई एक्शन और देशभक्ति की कहानियों से दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रहा है। इन दिनों नीतेश तिवारी की फिल्म 'रामायणम्' को लेकर जबरदस्त चर्चा है। लेकिन उनके अलावा भी तीन ऐसे निर्देशक हैं, जिनकी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को नई पहचान दिलाई है। इस सूची में नीतेश तिवारी, आदित्य धर, एसएस राजामौली और सुकुमार के नाम शामिल हैं।
कहानी से लेकर कमाई तक, हर मोर्चे पर दमदार
इन चारों फिल्ममेकर्स की अपनी अलग पहचान और फिल्म बनाने का खास अंदाज है। नीतेश तिवारी अपनी मजबूत कहानी और भावनात्मक प्रस्तुति के लिए जाने जाते हैं। आदित्य धर ने 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' जैसी फिल्मों से निर्देशन में अपनी अलग छाप छोड़ी। वहीं एसएस राजामौली ने 'बाहुबली' और 'आरआरआर' के जरिए भारतीय सिनेमा को वैश्विक मंच पर पहुंचाया। दूसरी तरफ सुकुमार की 'पुष्पा' फ्रेंचाइजी ने देश ही नहीं, विदेशों में भी दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। इन निर्देशकों की फिल्मों का भव्य स्तर, दमदार किरदार और कहानी कहने का अंदाज इन्हें बाकी फिल्ममेकर्स से अलग बनाता है। यही वजह है कि अब इनकी आने वाली फिल्मों पर भी दर्शकों और फिल्म कारोबार की नजरें टिकी हुई हैं।

टिप्पणियाँ (0)