जशपुर : - छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या का मामला सामने आया है। पत्नी के चरित्र पर संदेह करने वाले 62 वर्षीय पति मुखलाल राम ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पार्वती बाई (52) की टांगी से वार कर हत्या कर दी। वारदात 6 नवंबर 2026 की दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच की बताई गई है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पत्नी को किसी अन्य व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद गुस्से में आकर घर में रखी टांगी के पिछले हिस्से से उसके सिर, माथे और सीने पर दो-तीन वार किए। गंभीर चोटों के चलते पार्वती बाई की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने के लिए परिजनों और ग्रामीणों को बताया कि उसकी पत्नी खाट से गिर गई थी, जिससे सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। इस कहानी पर भरोसा कर परिजनों ने 7 नवंबर को शव को दफना दिया।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब मृतका की बहन को मौत की परिस्थितियों और शरीर पर मौजूद चोटों को लेकर संदेह हुआ। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीम ने कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों के कारण हत्या की पुष्टि होने के बाद कुनकुरी पुलिस ने मुखलाल राम से पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद कर ली है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

टिप्पणियाँ (0)