सोचिए… आधी रात, श्मशान घाट और जलती चिता के पास तंत्र-मंत्र! बिलासपुर में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। मामला देवनगर की रहने वाली अनीता यादव के अंतिम संस्कार से जुड़ा है। आरोप है कि रात में जब परिजन दोबारा श्मशान घाट पहुंचे, तो वहां शिवराम नाम का एक अघोरी बाबा अपने साथियों के साथ चिता के पास तंत्र-मंत्र करता मिला। परिजनों का आरोप है कि बाबा मंत्र पढ़ रहा था, चिता पर शराब छिड़क रहा था और मृतका का सिर व कुछ हड्डियां भी गायब थीं।
यह सब देखकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अघोरी बाबा को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में बाबा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मारपीट के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब सवाल यह है कि श्मशान घाट पर आखिर हुआ क्या था? पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही घटना की सच्चाई स्पष्ट हो पाएगी।

टिप्पणियाँ (0)