रायपुर। छत्तीसगढ़ में करीब 50 लाख रुपये की चोरी का मामला अब राजनीतिक और पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बन गया है। खरसिया रोड स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग में कर्मचारियों पर लाखों रुपये की चोरी का आरोप है। मामले में पुलिस की कार्रवाई में देरी से नाराज व्यापारियों ने अग्रसेन भवन में बैठक बुलाई। बैठक में पहुंचे मंत्री राजेश अग्रवाल के सामने व्यापारियों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी की रकम बरामद करने की मांग उठाई।


व्यापारियों का आक्रोश देखकर मंत्री राजेश अग्रवाल ने मौके से ही कोतवाली थाना प्रभारी (TI) को फोन लगा दिया। इस दौरान दोनों के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फोन पर मंत्री ने कार्रवाई में देरी को लेकर थाना प्रभारी से सवाल किया और व्यापारियों की नाराजगी का जिक्र करते हुए कहा, "व्यापारियों ने मुझे बांधकर रखा है, चोर नहीं पकड़े जा रहे तो मुझे छुड़ाने आइए।" इस पर थाना प्रभारी ने मामले में कार्रवाई जारी होने की बात कही और दो से तीन दिन के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।


मंत्री और TI के बीच हुई इस बातचीत के बाद चोरी का मामला और सुर्खियों में आ गया है। व्यापारियों की मांग है कि चोरी के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और करीब 50 लाख रुपये की रकम बरामद की जाए। अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है। थाना प्रभारी द्वारा दिए गए दो से तीन दिन के आश्वासन के बाद यह देखना अहम होगा कि पुलिस कितनी जल्दी आरोपियों तक पहुंचती है और चोरी की रकम की बरामदगी हो पाती है या नहीं।