नई दिल्ली : - रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की भारत में रिलीज को लेकर नई जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की रिलीज के लिए 5 नवंबर 2026 की तारीख तय की गई है, जबकि इससे एक दिन पहले यानी 4 नवंबर को पेड प्रीव्यू रखे जाने की बात कही जा रही है। अगर यह शेड्यूल बरकरार रहता है, तो फिल्म दिवाली से ठीक पहले बड़े पर्दे पर दस्तक देगी।

भारत के अलावा फिल्म की इंटरनेशनल रिलीज को लेकर भी प्लान तैयार किया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण-पूर्व एशिया, मिडिल ईस्ट, जर्मनी, यूरोप और लैटिन अमेरिका में फिल्म 5 नवंबर को रिलीज हो सकती है, जबकि यूके, दक्षिण अफ्रीका और मॉरीशस में 6 नवंबर की तारीख बताई जा रही है। हालांकि चीन, जापान, साउथ कोरिया, ताइवान और हांगकांग की रिलीज डेट अभी तय नहीं हुई है। खास बात यह है कि ‘रामायण’ दो हिस्सों में रिलीज होगी—पहले पार्ट में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किए जाने की योजना है। हालांकि मौजूदा रिलीज डेट में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।